चौपाई · Chaupai
एहि प्रकार बल मनहि देखाई। करिहउँ रघुपति कथा सुहाई॥
ब्यास आदि कबि पुंगव नाना। जिन्ह सादर हरि सुजस बखाना॥
चौपाई · Chaupai
चरन कमल बंदउँ तिन्ह केरे। पुरवहुँ सकल मनोरथ मेरे॥
कलि के कबिन्ह करउँ परनामा। जिन्ह बरने रघुपति गुन ग्रामा॥
चौपाई · Chaupai
जे प्राकृत कबि परम सयाने। भाषाँ जिन्ह हरि चरित बखाने॥
भए जे अहहिं जे होइहहिं आगें। प्रनवउँ सबहि कपट सब त्यागें॥
चौपाई · Chaupai
होहु प्रसन्न देहु बरदानू। साधु समाज भनिति सनमानू॥
जो प्रबंध बुध नहिं आदरहीं। सो श्रम बादि बाल कबि करहीं॥
चौपाई · Chaupai
कीरति भनिति भूति भलि सोई। सुरसरि सम सब कहँ हित होई॥
राम सुकीरति भनिति भदेसा। असमंजस अस मोहि अँदेसा॥
चौपाई · Chaupai
तुम्हरी कृपाँ सुलभ सोउ मोरे। सिअनि सुहावनि टाट पटोरे॥
दोहा · Doha
सरल कबित कीरति बिमल सोइ आदरहिं सुजान।
सहज बयर बिसराइ रिपु जो सुनि करहिं बखान॥14(क)॥
दोहा · Doha
सो न होइ बिनु बिमल मति मोहि मति बल अति थोर।
करहु कृपा हरि जस कहउँ पुनि पुनि करउँ निहोर॥14(ख)॥
दोहा · Doha
कबि कोबिद रघुबर चरित मानस मंजु मराल।
बालबिनय सुनि सुरुचि लखि मो पर होहु कृपाल॥14(ग)॥
सोरठा · Soratha
बंदउँ मुनि पद कंजु रामायन जेहिं निरमयउ।
सखर सुकोमल मंजु दोष रहित दूषन सहित॥14(घ)॥
सोरठा · Soratha
बंदउँ चारिउ बेद भव बारिधि बोहित सरिस।
जिन्हहि न सपनेहुँ खेद बरनत रघुबर बिसद जसु॥14(ङ)॥
सोरठा · Soratha
बंदउँ बिधि पद रेनु भव सागर जेहिं कीन्ह जहँ।
संत सुधा ससि धेनु प्रगटे खल बिष बारुनी॥14(च)॥
दोहा · Doha
बिबुध बिप्र बुध ग्रह चरन बंदि कहउँ कर जोरि।
होइ प्रसन्न पुरवहु सकल मंजु मनोरथ मोरि॥14(छ)॥
भावार्थ
इस प्रकार मन को बल दिखाकर मैं श्रीरघुनाथ जी की सुहावनी कथा की रचना करूँगा। व्यास आदि जो अनेक श्रेष्ठ कवि हुए हैं, जिन्होंने बड़े आदर से श्रीहरि का सुयश वर्णन किया है,
मैं उन सबके चरणकमलों की वंदना करता हूँ; वे मेरे सब मनोरथ पूरे करें। कलियुग के भी उन कवियों को मैं प्रणाम करता हूँ, जिन्होंने श्रीरघुनाथ जी के गुणसमूहों का वर्णन किया है।
जो बड़े बुद्धिमान लोकभाषा के कवि हैं, जिन्होंने भाषा में हरिचरित्र का वर्णन किया है; जो ऐसे कवि पहले हो चुके हैं, जो इस समय हैं और जो आगे होंगे — उन सबको मैं सारा कपट त्यागकर प्रणाम करता हूँ।
आप सब प्रसन्न होकर यह वरदान दीजिए कि साधु-समाज में मेरी कविता का सम्मान हो; क्योंकि बुद्धिमान लोग जिस रचना का आदर नहीं करते, नासमझ कवि ही उसकी रचना का व्यर्थ परिश्रम करते हैं।
कीर्ति, कविता और संपत्ति वही उत्तम है, जो गंगा जी की तरह सबका हित करने वाली हो। श्रीराम जी की कीर्ति तो बड़ी सुंदर (सबका कल्याण करने वाली) है, पर मेरी कविता भद्दी है — यह असमंजस है, यही मुझे संदेह है।
परंतु आपकी कृपा से यह भी मेरे लिए सुलभ हो जाएगा; (जैसे) रेशम की सिलाई टाट पर भी सुहावनी लगती है।
दोहा (क): चतुर लोग उसी कविता का आदर करते हैं जो सरल हो और जिसमें निर्मल चरित्र का वर्णन हो, तथा जिसे सुनकर शत्रु भी स्वाभाविक बैर भूलकर सराहना करने लगें।
दोहा (ख): ऐसी कविता बिना निर्मल बुद्धि के होती नहीं, और मेरी बुद्धि का बल बहुत ही थोड़ा है। इसलिए बार-बार निहोरा करता हूँ कि आप कृपा करें, जिससे मैं श्रीहरि के यश का वर्णन कर सकूँ।
दोहा (ग): कवि और पंडित श्रीराम-चरित रूपी मानसरोवर के सुंदर हंस हैं। मेरी बाल-विनय सुनकर और सुंदर रुचि देखकर मुझ पर कृपा करें।
सोरठा (घ): मैं उन मुनि (वाल्मीकि जी) के चरणकमलों की वंदना करता हूँ, जिन्होंने रामायण की रचना की है, जो खर (राक्षस) सहित होने पर भी (खर — कठोरता से रहित) अत्यंत कोमल और सुंदर है, तथा दूषण (राक्षस) सहित होने पर भी दोष से रहित है।
सोरठा (ङ): मैं चारों वेदों की वंदना करता हूँ, जो संसार रूपी समुद्र के पार होने के लिए जहाज़ के समान हैं, और जिन्हें श्रीरघुनाथ जी का निर्मल यश वर्णन करते सपने में भी खेद (थकावट) नहीं होता।
सोरठा (च): मैं ब्रह्मा जी के चरणों की रज की वंदना करता हूँ, जिन्होंने भवसागर बनाया है, जहाँ से एक ओर संत रूपी अमृत, चंद्रमा और कामधेनु निकले, और दूसरी ओर दुष्ट मनुष्य रूपी विष और मदिरा उत्पन्न हुए।
दोहा (छ): देवता, ब्राह्मण, पंडित और ग्रहों के चरणों की वंदना करके हाथ जोड़कर कहता हूँ कि आप प्रसन्न होकर मेरे सारे सुंदर मनोरथ पूरे करें।
व्याख्या
यहाँ तुलसीदास अपने पूर्ववर्ती और समकालीन कवियों की वंदना करते हैं — व्यास आदि महाकवि, कलियुग के कवि, और विशेष रूप से ‘प्राकृत कबि’ — जिन्होंने लोकभाषा में हरि-चरित लिखा। और वे केवल पहले के नहीं, ‘भए जे अहहिं जे होइहहिं आगें’ — जो हैं और जो आगे होंगे, उन्हें भी प्रणाम करते हैं। भविष्य के कवियों को प्रणाम — यह अद्भुत उदारता है।
अच्छी कविता की उनकी परिभाषा आज भी सटीक है: ‘कीरति भनिति भूति भलि सोई। सुरसरि सम सब कहँ हित होई॥’ — कीर्ति, कविता और धन वही अच्छा जो गंगा की तरह सबका हित करे। और दोहा (क): अच्छी कविता वह है जो ‘सरल’ हो और जिसे सुनकर ‘रिपु’ (शत्रु) भी बैर भूलकर सराहे। सरलता और सर्वहित — यही मानस की सफलता का रहस्य है।
वाल्मीकि की वंदना में सुंदर श्लेष (दो-अर्थी शब्द) है: रामायण ‘सखर’ (खर राक्षस के वर्णन सहित) होकर भी ‘सुकोमल’ है, और ‘दूषन सहित’ (दूषण राक्षस सहित) होकर भी ‘दोष रहित’ है। ‘खर’ का अर्थ कठोर भी है और ‘दूषण’ का अर्थ दोष भी — तुलसीदास शब्दों से खेलते हुए आदि-कवि को प्रणाम करते हैं।