छंद · Chhand
जय जय सुरनायक जन सुखदायक प्रनतपाल भगवंता।
गो द्विज हितकारी जय असुरारी सिंधुसुता प्रिय कंता॥
पालन सुर धरनी अद्भुत करनी मरम न जानइ कोई।
जो सहज कृपाला दीनदयाला करउ अनुग्रह सोई॥
छंद · Chhand
जय जय अबिनासी सब घट बासी ब्यापक परमानंदा।
अबिगत गोतीतं चरित पुनीतं मायारहित मुकुंदा॥
जेहि लागि बिरागी अति अनुरागी बिगत मोह मुनिबृंदा।
निसि बासर ध्यावहिं गुन गन गावहिं जयति सच्चिदानंदा॥
छंद · Chhand
जेहिं सृष्टि उपाई त्रिबिध बनाई संग सहाय न दूजा।
सो करउ अघारी चिंत हमारी जानिअ भगति न पूजा॥
जो भव भय भंजन मुनि मन रंजन गंजन बिपति बरूथा।
मन बच क्रम बानी छाड़ि सयानी सरन सकल सुरजूथा॥
छंद · Chhand
सारद श्रुति सेषा रिषय असेषा जा कहुँ कोउ नहिं जाना।
जेहि दीन पिआरे बेद पुकारे द्रवउ सो श्रीभगवाना॥
भव बारिधि मंदर सब बिधि सुंदर गुनमंदिर सुखपुंजा।
मुनि सिद्ध सकल सुर परम भयातुर नमत नाथ पद कंजा॥
दोहा · Doha
जानि सभय सुर भूमि सुनि बचन समेत सनेह।
गगनगिरा गंभीर भइ हरनि सोक संदेह॥186॥
भावार्थ
छंद 1: हे देवताओं के स्वामी, सेवकों को सुख देने वाले, शरणागत की रक्षा करने वाले भगवान! आपकी जय हो! जय हो!! हे गो-ब्राह्मणों का हित करने वाले, असुरों का विनाश करने वाले, समुद्र की कन्या (श्री लक्ष्मी जी) के प्रिय स्वामी! आपकी जय हो! हे देवता और पृथ्वी का पालन करने वाले! आपकी लीला अद्भुत है, उसका भेद कोई नहीं जानता। ऐसे जो स्वभाव से ही कृपालु और दीनदयालु हैं, वे ही हम पर कृपा करें।
छंद 2: हे अविनाशी, सबके हृदय में निवास करने वाले, सर्वव्यापक, परम आनंदस्वरूप, अज्ञेय, इंद्रियों से परे, पवित्र चरित्र, माया से रहित मुकुंद (मोक्षदाता)! आपकी जय हो! जय हो!! (इस लोक और परलोक के सब भोगों से) विरक्त तथा मोह से सर्वथा छूटे हुए (ज्ञानी) मुनिवृंद भी अत्यंत अनुरागी (प्रेमी) बनकर जिनका रात-दिन ध्यान करते हैं और जिनके गुणों के समूह का गान करते हैं, उन सच्चिदानंद की जय हो।
छंद 3: जिन्होंने बिना किसी दूसरे संगी अथवा सहायक के अकेले ही (या स्वयं अपने को त्रिगुणरूप — ब्रह्मा, विष्णु, शिवरूप — बनाकर अथवा बिना किसी उपादान-कारण के अर्थात् स्वयं ही सृष्टि का अभिन्ननिमित्तोपादान कारण बनकर) तीन प्रकार की सृष्टि उत्पन्न की, वे पापों का नाश करने वाले भगवान हमारी सुधि लें। हम न भक्ति जानते हैं, न पूजा। जो संसार के (जन्म-मृत्यु के) भय का नाश करने वाले, मुनियों के मन को आनंद देने वाले और विपत्तियों के समूह को नष्ट करने वाले हैं, हम सब देवताओं के समूह मन, वचन और कर्म से चतुराई करने की बान छोड़कर उन (भगवान) की शरण (आए) हैं।
छंद 4: सरस्वती, वेद, शेष जी और संपूर्ण ऋषि कोई भी जिनको नहीं जानते, जिन्हें दीन प्रिय हैं, ऐसा वेद पुकारकर कहते हैं, वे ही श्री भगवान हम पर दया करें। हे संसाररूपी समुद्र के (मथने के) लिए मंदराचलरूप, सब प्रकार से सुंदर, गुणों के धाम और सुखों की राशि नाथ! आपके चरणकमलों में मुनि, सिद्ध और सारे देवता भय से अत्यंत व्याकुल होकर नमस्कार करते हैं।
दोहा: देवताओं और पृथ्वी को भयभीत जानकर और उनके स्नेहयुक्त वचन सुनकर शोक और संदेह को हरने वाली गंभीर आकाशवाणी हुई।
जीवन का सूत्र
ईश्वर की शरण में चतुराई नहीं, सरलता चाहिए; ‘हम न भक्ति जानते, न पूजा’ — यह स्वीकार ही सच्ची प्रार्थना है।
व्याख्या
यह ब्रह्मा जी की प्रसिद्ध स्तुति है, जो आज भी भक्ति-गायन में बहुत लोकप्रिय है। चार छंदों में ब्रह्मा जी भगवान के अलग-अलग पहलुओं की वंदना करते हैं: पहले छंद में पालनकर्ता और रक्षक के रूप में; दूसरे में अविनाशी, सर्वव्यापी, सच्चिदानंद ब्रह्म के रूप में; तीसरे में सृष्टिकर्ता के रूप में; और चौथे में उस अज्ञेय सत्ता के रूप में जिसे ‘दीन पिआरे’ — दीन प्रिय हैं।
तीसरे छंद में एक बहुत विनम्र और सच्ची पंक्ति है: ‘जानिअ भगति न पूजा’ — हम न भक्ति जानते हैं, न पूजा। सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा स्वयं यह कहते हैं! और फिर: ‘मन बच क्रम बानी छाड़ि सयानी सरन सकल सुरजूथा’ — मन, वचन, कर्म से ‘सयानप’ (चतुराई) छोड़कर सब देवता शरण में हैं। ईश्वर के आगे कोई चतुराई काम नहीं आती; केवल सरल समर्पण।
चौथे छंद में एक गहरा विरोधाभास है: जिसे सरस्वती, वेद और शेष भी नहीं जानते, वही ‘दीन पिआरे’ है — दीनों को प्रिय मानता है। सबसे बड़ा ज्ञान भी जिसे नहीं पा सकता, उसे सबसे सरल हृदय पा लेता है। और इस स्तुति का उत्तर तुरंत आता है: ‘हरनि सोक संदेह’ — शोक और संदेह हरने वाली आकाशवाणी।