चौपाई · Chaupai
कुअँरु कुअँरि कल भावँरि देहीं। नयन लाभु सब सादर लेहीं॥
जाइ न बरनि मनोहर जोरी। जो उपमा कछु कहौं सो थोरी॥
चौपाई · Chaupai
राम सीय सुंदर प्रतिछाहीं। जगमगात मनि खंभन माहीं॥
मनहुँ मदन रति धरि बहु रूपा। देखत राम बिआहु अनूपा॥
चौपाई · Chaupai
दरस लालसा सकुच न थोरी। प्रगटत दुरत बहोरि बहोरी॥
भए मगन सब देखनिहारे। जनक समान अपान बिसारे॥
चौपाई · Chaupai
प्रमुदित मुनिन्ह भावँरीं फेरीं। नेगसहित सब रीति निबेरीं॥
राम सीय सिर सेंदुर देहीं। सोभा कहि न जाति बिधि केहीं॥
चौपाई · Chaupai
अरुन पराग जलजु भरि नीकें। ससिहि भूष अहि लोभ अमी कें॥
बहुरि बसिष्ठ दीन्हि अनुसासन। बरु दुलहिनि बैठे एक आसन॥
छंद · Chhand
बैठे बरासन रामु जानकि मुदित मन दसरथु भए।
तनु पुलक पुनि पुनि देखि अपनें सुकृत सुरतरु फल नए॥
भरि भुवन रहा उछाहु राम बिबाहु भा सबहीं कहा।
केहि भाँति बरनि सिरात रसना एक यहु मंगलु महा॥
छंद · Chhand
तब जनक पाइ बसिष्ठ आयसु ब्याह साज सँवारि कै।
मांडवी श्रुतकीरति उरमिला कुअँरि लईं हँकारि कै॥
कुसकेतु कन्या प्रथम जो गुन सील सुख सोभामई।
सब रीति प्रीति समेत करि सो ब्याहि नृप भरतहि दई॥
छंद · Chhand
जानकी लघु भगिनी सकल सुंदरि सिरोमनि जानि कै।
सो तनय दीन्ही ब्याहि लखनहि सकल बिधि सनमानि कै॥
जेहि नामु श्रुतकीरति सुलोचनि सुमुखि सब गुन आगरी।
सो दई रिपुसूदनहि भूपति रूप सील उजागरी॥
छंद · Chhand
अनुरूप बर दुलहिनि परस्पर लखि सकुच हियँ हरषहीं।
सब मुदित सुंदरता सराहहिं सुमन सुर गन बरषहीं॥
सुंदरीं सुंदर बरन्ह सह सब एक मंडप राजहीं।
जनु जीव उर चारिउ अवस्था बिभुन सहित बिराजहीं॥
दोहा · Doha
मुदित अवधपति सकल सुत बधुन्ह समेत निहारि।
जनु पाए महिपाल मनि क्रियन्ह सहित फल चारि॥325॥
भावार्थ
वर और कन्या सुंदर भाँवरें दे रहे हैं। सब लोग आदरपूर्वक (उन्हें देखकर) नेत्रों का परम लाभ ले रहे हैं। मनोहर जोड़ी का वर्णन नहीं हो सकता, जो कुछ उपमा कहूँ वही थोड़ी होगी।
श्री रामजी और श्री सीता जी की सुंदर परछाहीं मणियों के खंभों में जगमगा रही हैं, मानो कामदेव और रति बहुत-से रूप धारण करके श्री रामजी के अनुपम विवाह को देख रहे हैं।
उन्हें (कामदेव और रति को) दर्शन की लालसा और संकोच दोनों ही कम नहीं हैं (अर्थात् बहुत हैं), इसीलिए वे मानो बार-बार प्रकट होते और छिपते हैं। सब देखने वाले आनंदमग्न हो गए और जनक जी की भाँति सभी अपनी सुध भूल गए।
मुनियों ने आनंदपूर्वक भाँवरें फिराईं और नेग सहित सब रीतियों को पूरा किया। श्री रामचंद्र जी सीता जी के सिर में सिंदूर दे रहे हैं, यह शोभा किसी प्रकार भी कही नहीं जाती।
मानो कमल को लाल पराग से अच्छी तरह भरकर अमृत के लोभ से साँप चंद्रमा को भूषित कर रहा है। (यहाँ श्रीराम के हाथ को कमल की, सेंदुर को पराग की, श्रीराम की श्याम भुजा को साँप की और सीता जी के मुख को चंद्रमा की उपमा दी गई है।) फिर वशिष्ठ जी ने आज्ञा दी, तब दूलह और दुलहिन एक आसन पर बैठे।
छंद 1: श्री रामजी और जानकी जी श्रेष्ठ आसन पर बैठे, उन्हें देखकर दशरथ जी मन में बहुत आनंदित हुए। अपने सुकृत रूपी कल्पवृक्ष में नए फल (आए) देखकर उनका शरीर बार-बार पुलकित हो रहा है। चौदहों भुवनों में उत्साह भर गया, सबने कहा कि श्री रामचंद्र जी का विवाह हो गया। जीभ एक है और यह मंगल महान है, फिर भला, वह वर्णन करके किस प्रकार समाप्त किया जा सकता है।
छंद 2: तब वशिष्ठ जी की आज्ञा पाकर जनक जी ने विवाह का सामान सजाकर मांडवी जी, श्रुतकीर्ति जी और उर्मिला जी, इन तीनों राजकुमारियों को बुला लिया। कुशध्वज की बड़ी कन्या मांडवी जी को, जो गुण, शील, सुख और शोभा की रूप ही थीं, राजा जनक ने प्रेमपूर्वक सब रीतियाँ करके भरत जी को ब्याह दिया।
छंद 3: जानकी जी की छोटी बहन उर्मिला जी को सब सुंदरियों में शिरोमणि जानकर उस कन्या को सब प्रकार से सम्मान करके लक्ष्मण जी को ब्याह दिया, और जिनका नाम श्रुतकीर्ति है और जो सुंदर नेत्रों वाली, सुंदर मुखी, सब गुणों की खान और रूप तथा शील में उजागर हैं, उनको राजा ने शत्रुघ्न को ब्याह दिया।
छंद 4: दूलह और दुलहिनें परस्पर अपने-अपने अनुरूप जोड़ी को देखकर सकुचाते हुए हृदय में हर्षित हो रही हैं। सब लोग प्रसन्न होकर उनकी सुंदरता की सराहना करते हैं और देवगण फूल बरसा रहे हैं। सब सुंदरी दुलहिनें सुंदर दूलहों के साथ एक ही मंडप में ऐसी शोभा पा रही हैं, मानो जीव के हृदय में चारों अवस्थाएँ (जाग्रत, स्वप्न, सुषुप्ति और तुरीय) अपने चारों स्वामियों (विश्व, तैजस, प्राज्ञ और ब्रह्म) सहित विराजमान हों।
दोहा: सब पुत्रों को बहुओं सहित देखकर अवध नरेश दशरथ जी ऐसे आनंदित हैं, मानो वे राजाओं के शिरोमणि क्रियाओं (यज्ञक्रिया, श्रद्धाक्रिया, योगक्रिया और ज्ञानक्रिया) सहित चारों फल (अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष) पा गए हों।
व्याख्या
विवाह के सबसे भावपूर्ण क्षण: ‘भावँरि’ — अग्नि की परिक्रमा (भारतीय विवाह का केंद्रीय संस्कार, जिसके बिना विवाह पूरा नहीं होता)। एक सुंदर कल्पना: राम-सीता की परछाइयाँ मणि-खंभों में जगमगाती हैं, ‘मनहुँ मदन रति धरि बहु रूपा’ — मानो कामदेव और रति अनेक रूप धरकर यह अनुपम विवाह देख रहे हों; और ‘प्रगटत दुरत बहोरि बहोरी’ — परिक्रमा के साथ परछाइयाँ बार-बार प्रकट होतीं और छिपती हैं, मानो कामदेव-रति देखने की लालसा और संकोच दोनों में हों।
फिर ‘सिंदूरदान’ — वर द्वारा वधू की माँग में सिंदूर भरना, भारतीय विवाह की सबसे प्रतीकात्मक रीति। और उपमा अद्भुत है: राम का हाथ कमल, सिंदूर लाल पराग, राम की श्याम भुजा साँप, और सीता का मुख चंद्रमा — मानो अमृत के लोभ से साँप कमल में पराग भरकर चंद्रमा को सजा रहा हो।
फिर तीनों भाइयों के विवाह, उसी मंडप में: कुशध्वज (जनक के छोटे भाई) की बेटी मांडवी का भरत से; सीता की छोटी बहन उर्मिला का लक्ष्मण से; और श्रुतकीर्ति का शत्रुघ्न से। जनकपुर की स्त्रियों की प्रार्थना (बाल 311) पूरी हुई! चौथे छंद की उपमा दार्शनिक है: चारों जोड़ियाँ मानो जीव की चार अवस्थाएँ (जाग्रत, स्वप्न, सुषुप्ति, तुरीय) अपने चार स्वामियों के साथ। और दोहे में दशरथ की प्रसन्नता: मानो चारों पुरुषार्थ (अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष) उनके साधनों सहित एक साथ मिल गए हों।