उमा राम सम हित जग माहीं। गुरु पितु मातु बंधु प्रभु नाहीं॥
सुर नर मुनि सब कै यह रीती। स्वारथ लागि करहिं सब प्रीती॥
चौपाई · Chaupai
बालि त्रास ब्याकुल दिन राती। तन बहु ब्रन चिंताँ जर छाती॥
सोइ सुग्रीव कीन्ह कपिराऊ। अति कृपाल रघुबीर सुभाऊ॥
चौपाई · Chaupai
जानतहूँ अस प्रभु परिहरहीं। काहे न बिपति जाल नर परहीं॥
पुनि सुग्रीवहि लीन्ह बोलाई। बहु प्रकार नृपनीति सिखाई॥
चौपाई · Chaupai
कह प्रभु सुनु सुग्रीव हरीसा। पुर न जाउँ दस चारि बरीसा॥
गत ग्रीषम बरषा रितु आई। रहिहउँ निकट सैल पर छाई॥
चौपाई · Chaupai
अंगद सहित करहु तुम्ह राजू। संतत हृदयँ धरेहु मम काजू॥
जब सुग्रीव भवन फिरि आए। रामु प्रबरषन गिरि पर छाए॥
दोहा · Doha
प्रथमहिं देवन्ह गिरि गुहा राखेउ रुचिर बनाइ।
राम कृपानिधि कछु दिन बास करहिंगे आइ॥12॥
भावार्थ
(शिव जी कहते हैं —) हे उमा! जगत में श्री रामचन्द्र जी के समान हित करने वाला गुरु, पिता, माता, बंधु और स्वामी कोई नहीं है। देवता, मनुष्य और मुनि सबकी यह रीति है कि स्वार्थ के लिए ही सब प्रीति करते हैं। जो सुग्रीव दिन-रात बालि के भय से व्याकुल रहता था, जिसके शरीर में बहुत-से घाव हो गए थे और जिसकी छाती चिंता के मारे जला करती थी, उसी सुग्रीव को उन्होंने वानरों का राजा बना दिया। श्री रामचन्द्र जी का स्वभाव अत्यंत ही कृपालु है। जो लोग जानते हुए भी ऐसे प्रभु को त्याग देते हैं, वे क्यों न विपत्ति के जाल में फँसें?
फिर श्री राम जी ने सुग्रीव को बुला लिया और बहुत प्रकार से उन्हें राजनीति की शिक्षा दी। फिर प्रभु ने कहा — हे वानरपति सुग्रीव! सुनो, मैं चौदह वर्ष तक गाँव (बस्ती) में नहीं जाऊँगा। ग्रीष्म ऋतु बीतकर वर्षा ऋतु आ गई। अतः मैं यहाँ पास ही पर्वत पर टिक रहूँगा। तुम अंगद सहित राज्य करो। मेरे काम का हृदय में सदा ध्यान रखना। तदनन्तर जब सुग्रीव जी घर लौट आए, तब श्री राम जी प्रवर्षण पर्वत पर जा टिके।
दोहा: देवताओं ने पहले से ही उस पर्वत की एक गुफा को सुन्दर बना (सजा) रखा था। उन्होंने सोच रखा था कि कृपा की खान श्री राम जी कुछ दिन यहाँ आकर निवास करेंगे।
जीवन का सूत्र
निःस्वार्थ प्रेम दुर्लभ है — जो बिना स्वार्थ के भला करे, उसे कभी न भूलो।
व्याख्या
शिव जी यहाँ एक कड़वी सच्चाई कहते हैं: ‘स्वारथ लागि करहिं सब प्रीती’ — संसार में अधिकतर प्रेम स्वार्थ से होता है। राम इसके अपवाद हैं: जिस सुग्रीव के शरीर पर घाव थे और छाती चिंता से जलती थी, उसे राजा बना दिया — बदले में अभी कुछ लिए बिना।
राम का व्यवहार भी ध्यान देने योग्य है। वे सुग्रीव को राजनीति सिखाते हैं — केवल राज्य नहीं देते, उसे चलाने की समझ भी देते हैं। और स्वयं नगर में नहीं जाते, क्योंकि वनवास की प्रतिज्ञा है — ‘पुर न जाउँ दस चारि बरीसा’। विजय के बाद भी अपना वचन नहीं तोड़ते। मित्र के महल में सुख से रहने के बजाय पहाड़ की गुफा में वर्षा ऋतु बिताते हैं।
बस एक बात कहते हैं — ‘संतत हृदयँ धरेहु मम काजू’ — मेरा काम हमेशा याद रखना। आगे कथा दिखाएगी कि सुख मिलने पर यह याद रखना कितना कठिन होता है।