(श्री राम जी ने कहा —) जो लोग मित्र के दुःख से दुःखी नहीं होते, उन्हें देखने से ही बड़ा पाप लगता है। अपने पर्वत के समान दुःख को धूल के समान और मित्र के धूल के समान दुःख को सुमेरु (बड़े भारी पर्वत) के समान जाने। जिन्हें स्वभाव से ही ऐसी बुद्धि प्राप्त नहीं है, वे मूर्ख हठ करके क्यों किसी से मित्रता करते हैं? मित्र का धर्म है कि वह मित्र को बुरे मार्ग से रोककर अच्छे मार्ग पर चलावे। उसके गुण प्रकट करे और अवगुणों को छिपावे। देने-लेने में मन में शंका न रखे। अपने बल के अनुसार सदा हित ही करता रहे। विपत्ति के समय तो सदा सौगुना स्नेह करे। वेद कहते हैं कि संत (श्रेष्ठ) मित्र के गुण (लक्षण) ये हैं।
जो सामने तो बना-बनाकर कोमल वचन कहता है और पीठ-पीछे बुराई करता है तथा मन में कुटिलता रखता है — हे भाई! जिसका मन साँप की चाल के समान टेढ़ा है, ऐसे कुमित्र को तो त्यागने में ही भलाई है। मूर्ख सेवक, कंजूस राजा, कुलटा स्त्री और कपटी मित्र — ये चारों शूल के समान पीड़ा देने वाले हैं। हे सखा! मेरे बल पर अब तुम चिंता छोड़ दो। मैं सब प्रकार से तुम्हारे काम आऊँगा (तुम्हारी सहायता करूँगा)।
सुग्रीव ने कहा — हे रघुवीर! सुनिए, बालि महान बलवान और अत्यंत रणधीर है। फिर सुग्रीव ने श्री राम जी को दुंदुभि राक्षस की हड्डियाँ और ताल के वृक्ष दिखलाए। श्री रघुनाथ जी ने उन्हें बिना ही परिश्रम के (आसानी से) ढहा दिया। श्री राम जी का अपरिमित बल देखकर सुग्रीव की प्रीति बढ़ गई और उन्हें विश्वास हो गया कि ये बालि का वध अवश्य करेंगे। वे बार-बार चरणों में सिर नवाने लगे। प्रभु को पहचानकर सुग्रीव मन में हर्षित हो रहे थे।
जब ज्ञान उत्पन्न हुआ, तब वे ये वचन बोले — हे नाथ! आपकी कृपा से अब मेरा मन स्थिर हो गया। सुख, सम्पत्ति, परिवार और बड़ाई (बड़प्पन) सबको त्यागकर मैं आपकी सेवा ही करूँगा, क्योंकि आपकी आराधना करने वाले संत कहते हैं कि ये सब राम-भक्ति के विरोधी हैं। जगत में जितने भी शत्रु-मित्र और सुख-दुःख (आदि द्वन्द्व) हैं, सब के सब माया रचित हैं, परमार्थतः (वास्तव में) नहीं हैं। हे श्री रामजी! बालि तो मेरा परम हितकारी है, जिसकी कृपा से शोक का नाश करने वाले आप मुझे मिले। स्वप्न में जिसके साथ लड़ाई होती है, जागने पर उसे समझकर मन में संकोच होता है (कि वह तो स्वप्न का भ्रम था)। हे प्रभो! अब तो इस प्रकार कृपा कीजिए कि सब छोड़कर दिन-रात मैं आपका भजन ही करूँ।
सुग्रीव की वैराग्ययुक्त वाणी सुनकर हाथ में धनुष धारण करने वाले श्री राम जी मुस्कुराकर बोले — तुमने जो कुछ कहा है, वह सभी सत्य है, परन्तु हे सखा! मेरा वचन मिथ्या नहीं होता। (काकभुशुण्डि जी कहते हैं —) हे गरुड़! नट (मदारी) के बंदर की तरह श्री राम जी सबको नचाते हैं, वेद ऐसा कहते हैं।
तदनन्तर सुग्रीव को साथ लेकर और हाथों में धनुष-बाण धारण करके श्री रघुनाथ जी चले। तब श्री रघुनाथ जी ने सुग्रीव को बालि के पास भेजा। वह श्री राम जी का बल पाकर बालि के निकट जाकर गरजा। बालि सुनते ही क्रोध में भरकर वेग से दौड़ा। उसकी स्त्री तारा ने चरण पकड़कर उसे समझाया कि हे नाथ! सुनिए, सुग्रीव जिनसे मिले हैं, वे दोनों भाई तेज और बल की सीमा हैं। वे कोसलाधीश दशरथ जी के पुत्र राम और लक्ष्मण संग्राम में काल को भी जीत सकते हैं।
दोहा: बालि ने कहा — हे भीरु (डरपोक) प्रिये! सुनो, श्री रघुनाथ जी समदर्शी हैं। जो कदाचित् वे मुझे मारेंगे ही, तो मैं सनाथ हो जाऊँगा (परमपद पा जाऊँगा)।
जीवन का सूत्र
अपने पहाड़ जैसे दुःख को धूल और मित्र के धूल जैसे दुःख को पहाड़ समझो — यही मित्रता है।
व्याख्या
यह मानस का सबसे प्रसिद्ध मित्रता-सूत्र है। राम सच्चे मित्र के लक्षण गिनाते हैं: अपने बड़े दुःख को छोटा और मित्र के छोटे दुःख को बड़ा समझे; गलत रास्ते से रोके, सही पर चलाए; गुण प्रकट करे, दोष छिपाए; लेन-देन में शंका न करे; विपत्ति में सौगुना स्नेह करे। और कुमित्र की पहचान — मुँह पर मीठा, पीठ पीछे बुराई, साँप जैसी टेढ़ी चाल। आज भी इससे बेहतर मित्रता की परिभाषा मिलना कठिन है।
(चौपाई में ‘कुनारी’ का उल्लेख उस समय की सामाजिक दृष्टि दर्शाता है; इसका भाव विश्वासघात की पीड़ा है — जो किसी भी संबंध में, किसी के द्वारा भी हो सकता है।)
फिर एक अद्भुत मोड़ — राम का बल देखकर सुग्रीव को वैराग्य हो जाता है! वे कहते हैं बालि तो मेरा उपकारी है जिसके कारण आप मिले; शत्रु-मित्र सब माया है। राम मुस्कुराते हैं — ‘तुम सच कहते हो, पर मेरा वचन झूठा नहीं होता।’ वैराग्य की बात करना सरल है, पर कर्तव्य और वचन से भागना वैराग्य नहीं। (और आगे कथा दिखाएगी कि राज मिलते ही सुग्रीव का यह वैराग्य कितना टिका।)
अंत में तारा की सलाह और बालि का उत्तर — ‘जौं कदाचि मोहि मारहिं तौ पुनि होउँ सनाथ’। अहंकार के बीच भी बालि के मन में राम के प्रति श्रद्धा छिपी है — यही बीज उसके अंत समय में खिलेगा।