(सुग्रीव ने कहा —) हे नाथ! बालि और मैं दो भाई हैं। हम दोनों में ऐसी प्रीति थी कि वर्णन नहीं की जा सकती। हे प्रभो! मय दानव का एक पुत्र था, उसका नाम मायावी था। एक बार वह हमारे गाँव (नगर) में आया। उसने आधी रात को नगर के फाटक पर आकर पुकारा (ललकारा)। बालि शत्रु के बल (ललकार) को सह नहीं सका। वह दौड़ा, उसे देखकर मायावी भागा। मैं भी भाई के संग लगा चला गया।
वह मायावी एक पर्वत की गुफा में जा घुसा। तब बालि ने मुझे समझाकर कहा — तुम एक पखवाड़े (पंद्रह दिन) तक मेरी बाट देखना। यदि मैं उतने दिनों में न आऊँ तो जान लेना कि मैं मारा गया। हे खरारि! मैं वहाँ महीने भर तक रहा। वहाँ (उस गुफा में से) रक्त की बड़ी भारी धारा निकली। तब (मैंने समझा कि) उसने बालि को मार डाला, अब आकर मुझे मारेगा, इसलिए मैं वहाँ (गुफा के द्वार पर) एक शिला लगाकर भाग आया।
मंत्रियों ने नगर को बिना स्वामी (राजा) का देखा, तो मुझको ज़बरदस्ती राज्य दे दिया। बालि उसे मारकर घर आ गया। मुझे (राजसिंहासन पर) देखकर उसने जी में भेद बढ़ाया (बहुत ही विरोध माना और समझा कि यह राज्य के लोभ से ही गुफा के द्वार पर शिला दे आया था)। उसने मुझे शत्रु के समान बहुत अधिक मारा और मेरा सर्वस्व तथा मेरी स्त्री को भी छीन लिया। हे कृपालु रघुवीर! मैं उसके भय से समस्त लोकों में बेहाल होकर फिरता रहा। वह शाप के कारण यहाँ नहीं आता, तो भी मैं मन में भयभीत रहता हूँ।
सेवक का दुःख सुनकर दीनों पर दया करने वाले श्री रघुनाथ जी की दोनों विशाल भुजाएँ फड़क उठीं।
दोहा: (उन्होंने कहा —) हे सुग्रीव! सुनो, मैं एक ही बाण से बालि को मार डालूँगा। ब्रह्मा और रुद्र की शरण में जाने पर भी उसके प्राण न बचेंगे।
जीवन का सूत्र
भय और गलतफ़हमी अपनों के बीच भी दीवार खड़ी कर देते हैं — संवाद ही उन्हें तोड़ सकता है।
व्याख्या
सुग्रीव की कथा एक भयंकर गलतफ़हमी की कथा है। दो भाई जिनमें ‘प्रीति रही कछु बरनि न जाई’ — अपार प्रेम था। फिर एक गुफा, रक्त की धारा, और एक गलत अनुमान। सुग्रीव ने डर से गुफा बंद कर दी; बालि ने समझा कि उसे जानबूझकर मरने के लिए छोड़ा गया। फिर राज्य का प्रश्न, और प्रेम घोर शत्रुता में बदल गया।
यह आज भी परिवारों में होता है — एक घटना, दो अलग व्याख्याएँ, और बात न करने से रिश्ते टूट जाते हैं। यदि बालि ने एक बार शांति से सुना होता, या सुग्रीव ने स्पष्ट समझाया होता, तो शायद यह कथा अलग होती।
पर बालि का अपराध यहीं नहीं रुका — उसने भाई की पत्नी भी छीन ली, जो धर्म की दृष्टि से गंभीर पाप है। राम का क्रोध इसी अन्याय पर है: ‘सुनि सेवक दुख… फरकि उठीं द्वै भुजा’। शरणागत का दुःख सुनकर ईश्वर की भुजाएँ फड़क उठती हैं।