छंद · Chhand
नमामि भक्त वत्सलं। कृपालु शील कोमलं॥
भजामि ते पदांबुजं। अकामिनां स्वधामदं॥1॥
निकाम श्याम सुंदरं। भवाम्बुनाथ मंदरं॥
प्रफुल्ल कंज लोचनं। मदादि दोष मोचनं॥2॥
प्रलंब बाहु विक्रमं। प्रभोऽप्रमेय वैभवं॥
निषंग चाप सायकं। धरं त्रिलोक नायकं॥3॥
छंद · Chhand
दिनेश वंश मंडनं। महेश चाप खंडनं॥
मुनींद्र संत रंजनं। सुरारि वृंद भंजनं॥4॥
मनोज वैरि वंदितं। अजादि देव सेवितं॥
विशुद्ध बोध विग्रहं। समस्त दूषणापहं॥5॥
नमामि इंदिरा पतिं। सुखाकरं सतां गतिं॥
भजे सशक्ति सानुजं। शची पति प्रियानुजं॥6॥
छंद · Chhand
त्वदंघ्रि मूल ये नराः। भजंति हीन मत्सराः॥
पतंति नो भवार्णवे। वितर्क वीचि संकुले॥7॥
विविक्त वासिनः सदा। भजंति मुक्तये मुदा॥
निरस्य इंद्रियादिकं। प्रयांति ते गतिं स्वकं॥8॥
तमेकमद्भुतं प्रभुं। निरीहमीश्वरं विभुं॥
जगद्गुरुं च शाश्वतं। तुरीयमेव केवलं॥9॥
छंद · Chhand
भजामि भाव वल्लभं। कुयोगिनां सुदुर्लभं॥
स्वभक्त कल्प पादपं। समं सुसेव्यमन्वहं॥10॥
अनूप रूप भूपतिं। नतोऽहमुर्विजा पतिं॥
प्रसीद मे नमामि ते। पदाब्ज भक्ति देहि मे॥11॥
पठंति ये स्तवं इदं। नरादरेण ते पदं॥
व्रजंति नात्र संशयं। त्वदीय भक्ति संयुताः॥12॥
दोहा · Doha
बिनती करि मुनि नाइ सिरु कह कर जोरि बहोरि।
चरन सरोरुह नाथ जनि कबहुँ तजै मति मोरि॥4॥
भावार्थ
हे भक्तवत्सल! हे कृपालु! हे कोमल स्वभाव वाले! मैं आपको नमस्कार करता हूँ। निष्काम पुरुषों को अपना परमधाम देने वाले आपके चरणकमलों को मैं भजता हूँ। आप नितान्त सुन्दर श्याम, संसार (आवागमन) रूपी समुद्र को मथने के लिए मंदराचल रूप, फूले हुए कमल के समान नेत्रों वाले और मद आदि दोषों से छुड़ाने वाले हैं। हे प्रभो! आपकी लंबी भुजाओं का पराक्रम और आपका ऐश्वर्य अप्रमेय (बुद्धि के परे) है। आप तरकस और धनुष-बाण धारण करने वाले, तीनों लोकों के स्वामी हैं।
सूर्यवंश के भूषण, महादेव जी के धनुष को तोड़ने वाले, मुनिराजों और संतों को आनंद देने वाले तथा देवताओं के शत्रु असुरों के समूह का नाश करने वाले हैं। आप कामदेव के शत्रु महादेव जी के द्वारा वंदित, ब्रह्मा आदि देवताओं से सेवित, विशुद्ध ज्ञानमय विग्रह और समस्त दोषों को नष्ट करने वाले हैं। हे लक्ष्मीपते! हे सुखों की खान और सत्पुरुषों की एकमात्र गति! मैं आपको नमस्कार करता हूँ। हे शचीपति (इन्द्र) के प्रिय छोटे भाई (वामन जी)! शक्ति स्वरूपा श्री सीता जी और छोटे भाई लक्ष्मण जी सहित आपको मैं भजता हूँ।
जो मनुष्य मत्सर (डाह) रहित होकर आपके चरणकमलों का सेवन करते हैं, वे तर्क-वितर्क (अनेक प्रकार के संदेह) रूपी तरंगों से पूर्ण संसार रूपी समुद्र में नहीं गिरते (आवागमन के चक्कर में नहीं पड़ते)। जो एकान्तवासी पुरुष मुक्ति के लिए, इन्द्रियादि का निग्रह करके (उन्हें विषयों से हटाकर) प्रसन्नतापूर्वक आपको भजते हैं, वे स्वकीय गति को (अपने स्वरूप को) प्राप्त होते हैं। उन (आप) को जो एक (अद्वितीय), अद्भुत (मायिक जगत से विलक्षण), प्रभु (सर्वसमर्थ), इच्छारहित, ईश्वर (सबके स्वामी), व्यापक, जगद्गुरु, सनातन (नित्य), तुरीय (तीनों गुणों से सर्वथा परे) और केवल (अपने स्वरूप में स्थित) हैं।
(तथा) जो भावप्रिय, कुयोगियों (विषयी पुरुषों) के लिए अत्यंत दुर्लभ, अपने भक्तों के लिए कल्पवृक्ष (उनकी समस्त कामनाओं को पूर्ण करने वाले), सम (पक्षपातरहित) और सदा सुखपूर्वक सेवन करने योग्य हैं, मैं निरंतर भजता हूँ। हे अनुपम सुन्दर! हे पृथ्वीपति! हे जानकीनाथ! मैं आपको प्रणाम करता हूँ। मुझ पर प्रसन्न होइए, मैं आपको नमस्कार करता हूँ। मुझे अपने चरणकमलों की भक्ति दीजिए। जो मनुष्य इस स्तुति को आदरपूर्वक पढ़ते हैं, वे आपकी भक्ति से युक्त होकर आपके परमपद को प्राप्त होते हैं, इसमें संदेह नहीं।
दोहा: मुनि ने (इस प्रकार) विनती करके और फिर सिर नवाकर, हाथ जोड़कर कहा — हे नाथ! मेरी बुद्धि आपके चरणकमलों को कभी न छोड़े।
व्याख्या
अत्रि मुनि की यह स्तुति मानस की सबसे प्रसिद्ध स्तुतियों में है, और आज भी मंदिरों और घरों में गाई जाती है। इसकी छोटी, लयबद्ध पंक्तियाँ (‘नमामि भक्त वत्सलं, कृपालु शील कोमलं’) संस्कृत होते हुए भी सरल और गेय हैं।
पहला ही विशेषण सब कुछ कह देता है — ‘भक्त वत्सल’: भक्तों से वैसा प्रेम करने वाले जैसा माँ बच्चे से करती है। स्तुति में एक ओर राम की महिमा है — त्रिलोक नायक, जगद्गुरु, तुरीय — और दूसरी ओर उनकी सुलभता: ‘भाव वल्लभं’ — भाव के प्रेमी। ईश्वर विद्वत्ता या कर्मकांड से नहीं, सच्चे भाव से प्रसन्न होते हैं।
सातवाँ छंद एक गहरा मनोवैज्ञानिक सत्य कहता है: जो ‘हीन मत्सराः’ — ईर्ष्या रहित होकर भजते हैं, वे ‘वितर्क वीचि’ — संदेहों की लहरों — वाले सागर में नहीं डूबते। ईर्ष्या और संदेह मन को सबसे अधिक अशांत करते हैं।
और अंत में अत्रि क्या माँगते हैं? केवल इतना — ‘मेरी बुद्धि आपके चरण कभी न छोड़े।’ एक महर्षि की सबसे बड़ी इच्छा: स्थिर मन।