देखि राम अति रुचिर तलावा। मज्जनु कीन्ह परम सुख पावा॥
देखी सुंदर तरुबर छाया। बैठे अनुज सहित रघुराया॥
चौपाई · Chaupai
तहँ पुनि सकल देव मुनि आए। अस्तुति करि निज धाम सिधाए॥
बैठे परम प्रसन्न कृपाला। कहत अनुज सन कथा रसाला॥
चौपाई · Chaupai
बिरहवंत भगवंतहि देखी। नारद मन भा सोच बिसेषी॥
मोर साप करि अंगीकारा। सहत राम नाना दुख भारा॥
चौपाई · Chaupai
ऐसे प्रभुहि बिलोकउँ जाई। पुनि न बनिहि अस अवसरु आई॥
यह बिचारि नारद कर बीना। गए जहाँ प्रभु सुख आसीना॥
चौपाई · Chaupai
गावत राम चरित मृदु बानी। प्रेम सहित बहु भाँति बखानी॥
करत दंडवत लिए उठाई। राखे बहुत बार उर लाई॥
चौपाई · Chaupai
स्वागत पूँछि निकट बैठारे। लछिमन सादर चरन पखारे॥
दोहा · Doha
नाना बिधि बिनती करि प्रभु प्रसन्न जियँ जानि।
नारद बोले बचन तब जोरि सरोरुह पानि॥41॥
भावार्थ
अत्यंत सुन्दर तालाब देखकर श्री राम जी ने स्नान किया और परम सुख पाया। एक सुन्दर उत्तम वृक्ष की छाया देखकर श्री रघुनाथ जी छोटे भाई लक्ष्मण जी सहित बैठ गए। फिर वहाँ सब देवता और मुनि आए और स्तुति करके अपने-अपने धाम को चले गए। कृपालु श्री राम जी परम प्रसन्न बैठे हुए छोटे भाई लक्ष्मण जी से रसीली कथाएँ कह रहे हैं।
भगवान को विरहयुक्त देखकर नारद जी के मन में विशेष रूप से सोच हुआ। (उन्होंने विचार किया कि) मेरे ही शाप को स्वीकार करके श्री राम जी नाना प्रकार के दुःखों का भार सह रहे हैं (दुःख उठा रहे हैं)। ऐसे (भक्तवत्सल) प्रभु को जाकर देखूँ। फिर ऐसा अवसर न बन आवेगा। यह विचार कर नारद जी हाथ में वीणा लिए हुए वहाँ गए, जहाँ प्रभु सुखपूर्वक बैठे हुए थे।
वे कोमल वाणी से प्रेम के साथ बहुत प्रकार से बखान-बखानकर रामचरित का गान करते हुए चले आ रहे थे। दण्डवत करते देखकर श्री राम जी ने नारद जी को उठा लिया और बहुत देर तक हृदय से लगाए रखा। फिर स्वागत (कुशल) पूछकर पास बैठा लिया। लक्ष्मण जी ने आदर के साथ उनके चरण धोए।
दोहा: बहुत प्रकार से विनती करके और प्रभु को मन में प्रसन्न जानकर तब नारद जी कमल के समान हाथों को जोड़कर वचन बोले —
जीवन का सूत्र
अपनी गलती का परिणाम कोई और भुगत रहा हो, तो उसके पास जाकर उसका दुःख बाँटना ही सच्चा पश्चाताप है।
व्याख्या
पंपा के तट पर एक शांत क्षण: स्नान, वृक्ष की छाया, देवताओं की स्तुति, और राम भाई के साथ कथा कह रहे हैं। विरह के बीच भी राम का स्वभाव ‘परम प्रसन्न’ है — दुःख और धैर्य साथ-साथ।
तब नारद आते हैं — और उनके आने का कारण मार्मिक है। बालकाण्ड की कथा में नारद ने (मोहवश) विष्णु को शाप दिया था कि जैसे मैं स्त्री के लिए व्याकुल हुआ, वैसे तुम भी पत्नी के वियोग में दुःख पाओगे। और अब वे देखते हैं कि राम ‘मोर साप करि अंगीकारा’ — मेरे शाप को स्वीकार कर दुःख सह रहे हैं। भगवान ने एक भक्त के क्रोध में दिए शाप को भी सम्मान दिया!
नारद का मन सोच से भर जाता है, और वे राम के पास जाते हैं। राम उन्हें दण्डवत करते देख उठाकर ‘बहुत बार उर लाई’ — बार-बार गले लगाते हैं। कोई शिकायत नहीं, कोई ताना नहीं। जिसके कारण दुःख मिला, उसी को सबसे अधिक प्रेम। यही राम का स्वभाव है।