यह करुणा की नदी (इतनी बढ़ी हुई है कि) ज्ञान-वैराग्य रूपी किनारों को डुबाती जाती है। शोक-भरे वचन नद और नाले हैं, जो इस नदी में मिलते हैं; और सोच की लंबी साँसें ही वायु के झकोरों से उठने वाली तरंगें हैं, जो धैर्य रूपी किनारे के उत्तम वृक्षों को तोड़ रही हैं। भयानक विषाद ही उस नदी की तेज धारा है। भय और भ्रम ही उसके असंख्य भँवर और चक्र हैं। विद्वान मल्लाह हैं, विद्या ही बड़ी नाव है; परंतु वे उसे खे नहीं सकते, (उस करुणा-नदी की) थाह भी नहीं पाते।
वन में विचरने वाले बेचारे कोल-किरात ही यात्री हैं, जो उस नदी को देखकर हृदय में हारकर थक गए हैं। यह करुणा-नदी जब आश्रम-समुद्र में जाकर मिली, तो मानो वह समुद्र अकुला उठा (खौल उठा)। दोनों राज-समाज शोक से व्याकुल हो गए। किसी को न ज्ञान रहा, न धीरज और न लाज ही रही। राजा दशरथ जी के रूप, गुण और शील की सराहना करते हुए सब रो रहे हैं और शोक-समुद्र में डुबकी लगा रहे हैं।
छंद: शोक-समुद्र में डुबकी लगाते हुए सभी स्त्री-पुरुष महान व्याकुल होकर सोच कर रहे हैं। वे सब विधाता को दोष देते हुए क्रोधयुक्त होकर कह रहे हैं कि प्रतिकूल विधाता ने यह क्या किया? तुलसीदास जी कहते हैं कि देवता, सिद्ध, तपस्वी, योगी और मुनिगण कोई भी समर्थ नहीं हैं जो उस समय विदेह (जनक जी) की दशा देखकर प्रेम की नदी को पार कर सके (प्रेम में मग्न हुए बिना रह सके)।
सोरठा: जहाँ-तहाँ श्रेष्ठ मुनियों ने लोगों को अपरिमित उपदेश दिए, और वशिष्ठ जी ने विदेह (जनक जी) से कहा — हे राजन्! आप धैर्य धारण कीजिए।
जीवन का सूत्र
शोक के प्रवाह में ज्ञान भी कभी-कभी डूब जाता है; तब धैर्य बँधाने वाले की जरूरत होती है।
व्याख्या
तुलसी का करुणा-नदी का रूपक अपनी पूरी भव्यता में है: यह नदी ज्ञान और वैराग्य के किनारे डुबो देती है; शोक-भरे वचन उसमें मिलने वाले नाले हैं; आहें उसकी लहरें, जो धैर्य के वृक्षों को तोड़ती हैं; विषाद उसकी तेज धारा; भय और भ्रम उसके भँवर। विद्वान नाविक हैं, विद्या उनकी नाव, पर वे इसे पार नहीं कर पाते।
और जब यह नदी राम के शांत आश्रम-समुद्र में मिलती है, तो समुद्र भी खौल उठता है — अर्थात् जनक के आगमन से चित्रकूट का शोक फिर जाग उठता है। दशरथ की मृत्यु का शोक, जो अयोध्या में अनुभव हुआ, अब मिथिला के साथ फिर से जीवित होता है। ज्ञानी जनक, जो ‘विदेह’ हैं, भी इस प्रेम-नदी को पार नहीं कर पाते। अंत में वशिष्ठ ही उन्हें धैर्य बँधाते हैं।