कीन्ह सप्रेम प्रनामु बहोरी। बोले पानि पंकरुह जोरी॥
नाथ भयउ सुखु साथ गए को। लहेउँ लाहु जग जनमु भए को॥
चौपाई · Chaupai
अब कृपाल जस आयसु होई। करौं सीस धरि सादर सोई॥
सो अवलंब देव मोहि देई। अवधि पारु पावौं जेहि सेई॥
दोहा · Doha
देव देव अभिषेक हित गुर अनुसासनु पाइ।
आनेउँ सब तीरथ सलिलु तेहि कहँ काह रजाइ॥307॥
भावार्थ
सारी सभा श्री रघुनाथ जी की वाणी सुनकर, जो मानो प्रेम-समुद्र के अमृत में सनी हुई थी, शिथिल हो गई; सबको प्रेम-समाधि लग गई। यह दशा देखकर सरस्वती ने भी चुप्पी साध ली। भरत जी को परम संतोष हुआ। स्वामी के सम्मुख (अनुकूल) होते ही उनके दुखों और दोषों ने मुँह मोड़ लिया (वे उन्हें छोड़कर भाग गए)। उनका मुख प्रसन्न हो गया और मन का विषाद मिट गया, मानो गूँगे पर सरस्वती की कृपा हो गई हो।
उन्होंने फिर प्रेमपूर्वक प्रणाम किया और करकमलों को जोड़कर वे बोले — हे नाथ! मुझे आपके साथ जाने का सुख प्राप्त हो गया और मैंने जगत में जन्म लेने का लाभ भी पा लिया। हे कृपालु! अब जैसी आज्ञा हो, उसी को मैं सिर पर धरकर आदरपूर्वक करूँ! परंतु हे देव! आप मुझे वह अवलंबन (कोई सहारा) दें, जिसकी सेवा कर मैं अवधि का पार पा जाऊँ (अवधि को बिता सकूँ)।
दोहा: हे देव! स्वामी (आप) के अभिषेक के लिए गुरु जी की आज्ञा पाकर मैं सब तीर्थों का जल लेता आया हूँ। उसके लिए क्या आज्ञा होती है?
जीवन का सूत्र
जब मन का बोझ उतर जाए, तो सबसे कठिन आज्ञा भी हल्की लगती है।
व्याख्या
राम की आज्ञा से भरत को वह मिलता है जो उनके लिए सबसे बड़ा था: राम का ‘सनमुख’ होना — उनकी स्वीकृति। ‘भरतहि भयउ परम संतोषू’। जिस दुख और आत्म-ग्लानि ने उन्हें पूरी यात्रा में घेरे रखा, वह मिट जाती है, जैसे गूँगे को वाणी मिल गई हो।
अब भरत केवल एक चीज़ माँगते हैं: ‘सो अवलंब देव मोहि देई, अवधि पारु पावौं जेहि सेई’ — कोई सहारा दीजिए, जिसकी सेवा करके मैं चौदह वर्ष बिता सकूँ। यह पादुकाओं के प्रसंग की भूमिका है। और फिर एक व्यावहारिक प्रश्न: अभिषेक के लिए लाया गया सब तीर्थों का जल अब क्या करें? भरत हर छोटी बात में राम की आज्ञा चाहते हैं।