आपु छोटि महिमा बड़ि जानी। कबिकुल कानि मानि सकुचानी॥
कहि न सकति गुन रुचि अधिकाई। मति गति बाल बचन की नाई॥
दोहा · Doha
भरत बिमल जसु बिमल बिधु सुमति चकोरकुमारि।
उदित बिमल जन हृदय नभ एकटक रही निहारि॥303॥
भावार्थ
कृपासिंधु श्री रामचंद्र जी ने लोगों को अपने स्नेह और देवराज इंद्र के भारी छल से दुखी देखा। सभा, राजा जनक, गुरु, ब्राह्मण और मंत्री आदि सभी की बुद्धि को भरत जी की भक्ति ने कील दिया है। सब लोग चित्रलिखे-से श्री रामचंद्र जी की ओर देख रहे हैं। सकुचाते हुए सिखाए हुए-से वचन बोलते हैं। भरत जी की प्रीति, नम्रता, विनय और बड़ाई सुनने में सुख देने वाली है, पर उसका वर्णन करने में कठिनता है।
जिनकी भक्ति का लवलेश देखकर मुनिगण और मिथिलेश्वर जनक जी प्रेम में मग्न हो गए, उन भरत जी की महिमा तुलसीदास कैसे कहे? उनकी भक्ति और सुंदर भाव से (कवि के) हृदय में सुबुद्धि हुलस रही है (विकसित हो रही है)। पर वह बुद्धि अपने को छोटी और भरत जी की महिमा को बड़ी जानकर कवि परंपरा की मर्यादा मानकर सकुचा गई (उसका वर्णन करने का साहस नहीं कर सकी)। उसकी गुणों में रुचि तो बहुत है, पर उन्हें कह नहीं सकती। बुद्धि की गति बालक के वचनों की तरह हो गई (वह कुंठित हो गई)!
दोहा: भरत जी का निर्मल यश निर्मल चंद्रमा है, और कवि की सुबुद्धि चकोरी है, जो भक्तों के हृदय रूपी निर्मल आकाश में उस चंद्रमा को उदित देखकर उसकी ओर टकटकी लगाए देखती ही रह गई है (तब उसका वर्णन कौन करे?)।
जीवन का सूत्र
कुछ गुण इतने ऊँचे होते हैं कि उन्हें केवल देखा और सराहा जा सकता है, शब्दों में बाँधा नहीं जा सकता।
व्याख्या
तुलसी यहाँ कथा से हटकर अपने बारे में बात करते हैं। जिस भरत की भक्ति का एक लवलेश देखकर ही जनक और मुनि प्रेम में डूब गए, उनकी महिमा तुलसी कैसे कहें? उनकी बुद्धि उत्सुक है, पर अपनी छोटाई जानकर सकुचाती है, और उसकी गति बच्चे की तुतलाहट जैसी हो जाती है।
दोहे की उपमा तुलसी की प्रिय है: भरत का यश चंद्रमा है, कवि की बुद्धि चकोरी जो केवल उसे एकटक देखती रहती है। चकोर का प्रेम चंद्रमा को पाना नहीं, केवल देखना है। यह कवि की विनम्रता है, और साथ ही भरत के प्रति पूरी मानस-परंपरा का भाव: भरत का चरित्र सराहने के लिए है, नापने के लिए नहीं।