भरत जी का व्यवहार सुनकर, जो सोने में सुगंध और (समुद्र से निकली हुई) सुधा में चंद्रमा के सार अमृत के समान था, राजा ने (प्रेमविह्वल होकर) अपने (प्रेमाश्रुओं के) जल से भरे नेत्रों को मूँद लिया। उनका शरीर पुलकित हो गया और वे मन में आनंदित होकर भरत जी के सुंदर यश की सराहना करने लगे। (वे बोले —) हे सुमुखि! हे सुनयनी! सावधान होकर सुनो। भरत जी की कथा संसार के बंधन से छुड़ाने वाली है। धर्म, राजनीति और ब्रह्मविचार, इन तीनों विषयों में अपनी बुद्धि के अनुसार मेरी (थोड़ी-बहुत) गति है।
वह (धर्म, राजनीति और ब्रह्मज्ञान में प्रवेश रखने वाली) मेरी बुद्धि भरत जी की महिमा का वर्णन तो क्या करे, छल करके भी उसकी छाया तक को नहीं छू पाती। ब्रह्मा जी, गणेश जी, शेष जी, महादेव जी, सरस्वती जी, कवि, ज्ञानी, पंडित और बुद्धिमान सब किसी को भरत जी के चरित्र, कीर्ति, करनी, धर्म, शील, गुण और निर्मल ऐश्वर्य समझने में और सुनने में सुख देने वाले हैं, और पवित्रता में गंगा जी का और स्वाद (मधुरता) में अमृत का भी तिरस्कार करने वाले हैं।
दोहा: भरत जी असीम गुणसंपन्न और उपमारहित पुरुष हैं। भरत जी के समान बस भरत जी ही हैं, ऐसा जानो। सुमेरु पर्वत को क्या सेर के बराबर कह सकते हैं? इसलिए (उन्हें किसी पुरुष के साथ उपमा देने में) कवि-समाज की बुद्धि भी सकुचा गई।
जीवन का सूत्र
कुछ लोग इतने अनोखे होते हैं कि उनकी तुलना केवल उन्हीं से की जा सकती है।
व्याख्या
जनक, जो स्वयं ज्ञानियों में श्रेष्ठ हैं — धर्म, राजनीति और ब्रह्मविचार के जानकार — कहते हैं कि उनकी बुद्धि भरत की महिमा की छाया तक नहीं छू सकती। यह वही विनम्रता है जो वशिष्ठ ने दिखाई थी।
उनकी सबसे सुंदर बात दोहे में है: ‘भरतु भरत सम जानि’ — भरत के समान केवल भरत हैं। भरत की तुलना किसी से नहीं हो सकती, जैसे सुमेरु पर्वत को सेर भर कहना मूर्खता होगी। और भरत की कथा ‘भव बंध बिमोचनि’ है — संसार के बंधन से छुड़ाने वाली। भरत का चरित्र मानस में इसलिए इतना महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि वह निःस्वार्थ प्रेम का सबसे शुद्ध उदाहरण है।