रे कपिपोत बोलु संभारी। मूढ़ न जानेहि मोहि सुरारी॥
कहु निज नाम जनक कर भाई। केहि नातें मानिऐ मिताई॥
चौपाई · Chaupai
अंगद नाम बालि कर बेटा। तासों कबहुँ भई ही भेटा॥
अंगद बचन सुनत सकुचाना। रहा बालि बानर मैं जाना॥
चौपाई · Chaupai
अंगद तहीं बालि कर बालक। उपजेहु बंस अनल कुल घालक॥
गर्भ न गयहु ब्यर्थ तुम्ह जायहु। निज मुख तापस दूत कहायहु॥
चौपाई · Chaupai
अब कहु कुसल बालि कहँ अहई। बिहँसि बचन तब अंगद कहई॥
दिन दस गएँ बालि पहिं जाई। बूझेहु कुसल सखा उर लाई॥
चौपाई · Chaupai
राम बिरोध कुसल जसि होई। सो सब तोहि सुनाइहि सोई॥
सुनु सठ भेद होइ मन ताकें। श्रीरघुबीर हृदय नहिं जाकें॥
दोहा · Doha
हम कुल घालक सत्य तुम्ह कुल पालक दससीस।
अंधउ बधिर न अस कहहिं नयन कान तव बीस॥21॥
भावार्थ
(रावण ने कहा —) अरे बंदर के बच्चे! सँभालकर बोल! मूर्ख! मुझ देवताओं के शत्रु को तूने जाना नहीं? अरे भाई! अपना और अपने बाप का नाम तो बता। किस नाते से मित्रता मानता है? (अंगद ने कहा —) मेरा नाम अंगद है, मैं बालि का पुत्र हूँ। उनसे कभी तुम्हारी भेंट हुई थी? अंगद का वचन सुनते ही रावण कुछ सकुचा गया (और बोला —) हाँ, मैं जान गया (मुझे याद आ गया), बालि नाम का एक बंदर था।
अरे अंगद! तू ही बालि का लड़का है? अरे कुलनाशक! तू तो अपने कुलरूपी बाँस के लिए अग्निरूप ही पैदा हुआ! गर्भ में ही क्यों न नष्ट हो गया? तू व्यर्थ ही पैदा हुआ, जो अपने ही मुँह से तपस्वियों का दूत कहलाया! अब बालि की कुशल तो बता, वह (आजकल) कहाँ है? तब अंगद ने हँसकर कहा — दस (कुछ) दिन बीतने पर (स्वयं ही) बालि के पास जाकर, अपने मित्र को हृदय से लगाकर, उसी से कुशल पूछ लेना।
श्री राम जी से विरोध करने पर जैसी कुशल होती है, वह सब तुमको वे सुनाएँगे। हे मूर्ख! सुन, भेद उसी के मन में पड़ सकता है (भेदनीति उसी पर अपना प्रभाव डाल सकती है), जिसके हृदय में श्री रघुवीर न हों।
दोहा: सच है, मैं तो कुल का नाश करने वाला हूँ और हे रावण! तुम कुल के रक्षक हो। अंधे-बहरे भी ऐसी बात नहीं कहते; तुम्हारे तो बीस नेत्र और बीस कान हैं!
जीवन का सूत्र
जिस मन में सच्ची निष्ठा बसी हो, उसमें फूट डालने की कोई चाल काम नहीं करती।
व्याख्या
रावण एक पुरानी चाल चलता है — भेदनीति। वह अंगद को याद दिलाता है कि राम ने उसके पिता बालि को मारा, और ताना देता है कि तू अपने पिता के हत्यारे का दूत बना है, तू कुल का नाशक है। उद्देश्य है अंगद के मन में घाव कुरेदकर उसे राम से अलग करना।
अंगद का उत्तर तीखा और बुद्धिमानी से भरा है। पहले हास्य: बालि की कुशल पूछनी है? कुछ दिन में स्वयं जाकर पूछ लेना! फिर मूल सिद्धांत: ‘भेद होइ मन ताकें, श्रीरघुबीर हृदय नहिं जाकें’ — फूट उसी मन में पड़ती है जिसमें राम नहीं बसते। और अंत में व्यंग्य का बाण: मैं कुल-नाशक, और तुम कुल-पालक? तुम्हारे बीस आँख-कान हैं, फिर भी नहीं देखते कि तुम अपने पूरे कुल को विनाश की ओर ले जा रहे हो। जो दूसरों पर कुल-नाश का आरोप लगाता है, अक्सर वही उसका कारण होता है।