राक्षसों की अपार सेना चली। चतुरंगिणी सेना की बहुत-सी टुकड़ियाँ हैं। अनेकों प्रकार के वाहन, रथ और सवारियाँ हैं तथा बहुत-से रंगों की अनेकों पताकाएँ और ध्वजाएँ हैं। मतवाले हाथियों के बहुत-से झुंड चले। मानो पवन से प्रेरित हुए वर्षा ऋतु के बादल हों। रंग-बिरंगे बाना धारण करने वाले वीरों के समूह हैं, जो युद्ध में बड़े शूरवीर हैं और बहुत प्रकार की माया जानते हैं।
अत्यंत विचित्र फ़ौज शोभित है। मानो वीर वसंत ने सेना सजाई हो। सेना के चलने से दिशाओं के हाथी डिगने लगे, समुद्र क्षुभित हो गए और पर्वत डगमगाने लगे। इतनी धूल उड़ी कि सूर्य छिप गए। (फिर सहसा) पवन रुक गया और पृथ्वी अकुला उठी। ढोल और नगाड़े भीषण ध्वनि से बज रहे हैं, जैसे प्रलयकाल के बादल गरज रहे हों। भेरी, नफीरी (तुरही) और शहनाई में योद्धाओं को सुख देने वाला मारू राग बज रहा है। सब वीर सिंहनाद करते हैं और अपने-अपने बल-पौरुष का बखान कर रहे हैं।
रावण ने कहा — हे उत्तम योद्धाओ! सुनो, तुम रीछ-वानरों के ठट्ट को मसल डालो और मैं दोनों राजकुमार भाइयों को मारूँगा। ऐसा कहकर उसने अपनी सेना सामने चलाई। जब सब वानरों ने यह ख़बर पाई, तब वे श्री राम जी की दुहाई देते हुए दौड़े।
छंद: वे विशाल और काल के समान कराल वानर-भालू दौड़े। मानो पंख वाले पर्वतों के समूह उड़ रहे हों। वे अनेक वर्णों के हैं। नख, दाँत, पर्वत और बड़े-बड़े वृक्ष ही उनके हथियार हैं। वे बड़े बलवान हैं और किसी का भी डर नहीं मानते। रावण रूपी मतवाले हाथी के लिए सिंह रूप श्री राम जी का जय-जयकार करके वे उनके सुंदर यश का बखान करते हैं।
दोहा: दोनों ओर के योद्धा जय-जयकार करके अपनी-अपनी जोड़ी जान (चुन) कर इधर श्री रघुनाथ जी का और उधर रावण का बखान करके परस्पर भिड़ गए।
जीवन का सूत्र
बाहरी वैभव और संख्या विजय की गारंटी नहीं — विजय का आधार कुछ और है।
व्याख्या
रावण की सेना का वर्णन अत्यंत वैभवपूर्ण है — चतुरंगिणी सेना, रंग-बिरंगी पताकाएँ, मतवाले हाथी, मायावी योद्धा, धरती डगमगाती है, सूर्य छिप जाता है। तुलसीदास जी कहते हैं, मानो ‘बीर बसंत’ ने सेना सजाई हो। बाहर से यह सबसे शक्तिशाली सेना दिखती है।
दूसरी ओर वानर-भालू — जिनके हथियार हैं नाख़ून, दाँत, पत्थर और पेड़। न रथ, न कवच, न पताकाएँ। पर वे ‘संक न मानहीं’ — किसी का डर नहीं मानते, क्योंकि उनके साथ उद्देश्य है। यह विरोधाभास अगले दोहे की भूमिका है, जहाँ विभीषण ठीक यही प्रश्न पूछेंगे: रावण के पास रथ है, राम के पास नहीं — वे कैसे जीतेंगे? और उसका उत्तर लंकाकाण्ड का सबसे महान उपदेश बनेगा।