रात हुई जानकर वानरों की चारों सेनाएँ (टुकड़ियाँ) वहाँ आईं, जहाँ कोसलपति श्री राम जी थे। श्री राम जी ने ज्यों ही सबको कृपा करके देखा, त्यों ही ये वानर श्रमरहित हो गए। वहाँ (लंका में) रावण ने मंत्रियों को बुलाया और जो योद्धा मारे गए थे, उन सबको सबसे बताया। (उसने कहा —) वानरों ने आधी सेना का संहार कर दिया। अब शीघ्र बताओ, क्या विचार (उपाय) करना चाहिए?
माल्यवान (नाम का एक) अत्यंत बूढ़ा राक्षस था। वह रावण की माता का पिता (अर्थात उसका नाना) और श्रेष्ठ मंत्री था। वह अत्यंत पवित्र नीति के वचन बोला — हे तात! कुछ मेरी सीख भी सुनो — जब से तुम सीता को हर लाए हो, तब से इतने अपशकुन हो रहे हैं कि जो वर्णन नहीं किए जा सकते। वेद-पुराणों ने जिनका यश गाया है, उन श्री राम से विमुख होकर किसी ने सुख नहीं पाया।
दोहा (क): भाई हिरण्यकशिपु सहित हिरण्याक्ष को और बलवान मधु-कैटभ को जिन्होंने मारा था, वे ही कृपा के समुद्र भगवान (रामरूप से) अवतरित हुए हैं।
दोहा (ख): जो कालस्वरूप हैं, दुष्टों के समूह रूपी वन के भस्म करने वाले (अग्नि) हैं, गुणों के धाम और ज्ञानघन हैं एवं शिव जी और ब्रह्मा जी भी जिनकी सेवा करते हैं, उनसे वैर कैसा?
जीवन का सूत्र
बड़ों के अनुभव की बात पुरानी लग सकती है, पर अक्सर वही सबसे सच्ची होती है।
व्याख्या
आधी सेना गँवाकर रावण फिर सलाह माँगता है — पर इस बार उत्तर उसके परिवार के सबसे बड़े व्यक्ति से आता है: माल्यवान, उसका नाना, जो अत्यंत वृद्ध और अनुभवी मंत्री है। तुलसीदास जी उसकी बात को ‘नीति अति पावन’ कहते हैं — अत्यंत पवित्र नीति।
माल्यवान का केंद्रीय वाक्य मानस का एक सूत्र है: ‘राम बिमुख काहुँ न सुख पायो’ — राम से विमुख होकर किसी ने सुख नहीं पाया। इतिहास के उदाहरण भी वह देता है — हिरण्याक्ष, हिरण्यकशिपु, मधु-कैटभ — जिन्होंने अपने बल पर ईश्वर से टकराने की कोशिश की। अब तक रावण को उसकी पत्नी, पुत्र, भाई, दूत, और अब नाना — सब एक ही बात कह चुके हैं। जब इतने अलग-अलग लोग, अलग-अलग तरीक़ों से, एक ही चेतावनी दें, तो समस्या चेतावनी में नहीं, सुनने वाले में होती है।