अंगद का बल देखकर सब हृदय में हार गए। तब अंगद के ललकारने पर रावण स्वयं उठा। जब वह अंगद का चरण पकड़ने लगा, तब बालिकुमार अंगद ने कहा — मेरा चरण पकड़ने से तेरा बचाव नहीं होगा। अरे मूर्ख! तू जाकर श्री राम जी के चरण क्यों नहीं पकड़ता? यह सुनकर वह मन में बहुत ही सकुचाकर लौट गया। उसकी सारी श्री जाती रही, वह ऐसा तेजहीन हो गया जैसे मध्याह्न (दोपहर) में चन्द्रमा दिखाई देता है।
वह सिर नीचा करके सिंहासन पर जा बैठा, मानो सारी सम्पत्ति गँवाकर बैठा हो। श्री राम चन्द्र जी जगत के आत्मा और प्राणों के स्वामी हैं। उनसे विमुख रहने वाला शांति कैसे पा सकता है? (शिव जी कहते हैं —) हे उमा! जिन श्री राम चन्द्र जी के भ्रूविलास (भौंह के इशारे) से विश्व उत्पन्न होता है और फिर नाश को प्राप्त होता है, जो तृण को वज्र और वज्र को तृण बना देते हैं (अत्यंत निर्बल को महान प्रबल और महान प्रबल को अत्यंत निर्बल कर देते हैं), उनके दूत का प्रण, कहो, कैसे टल सकता है?
फिर अंगद ने अनेकों प्रकार से नीति कही। पर रावण नहीं माना, क्योंकि उसका काल निकट आ गया था। शत्रु के गर्व को चूर करके अंगद ने उसको प्रभु श्री राम चन्द्र जी का सुयश सुनाया और फिर वह राजा बालि का पुत्र यह कहकर चल दिया — रणभूमि में तुझे खेला-खेलाकर न मारूँ तब तक अभी (पहले से) क्या बड़ाई करूँ? अंगद ने पहले ही (सभा में आने से पूर्व ही) उसके पुत्र को मार डाला था। वह संवाद सुनकर रावण दुःखी हो गया। अंगद का प्रण (सफल) देखकर सब राक्षस भय से अत्यंत ही व्याकुल हो गए।
दोहा (क): शत्रु के बल का मर्दन कर, बल की राशि बालिपुत्र अंगद जी ने हर्षित होकर आकर श्री राम चन्द्र जी के चरण कमल पकड़ लिए। उनका शरीर पुलकित है और नेत्रों में (आनंदाश्रुओं का) जल भरा है।
दोहा (ख): संध्या हो गई जानकर दशग्रीव बिलखता हुआ (उदास होकर) महल में गया। मंदोदरी ने रावण को समझाकर फिर कहा —
जीवन का सूत्र
जिस विनम्रता से हम किसी सेवक के पैर पकड़ने को तैयार हैं, वही विनम्रता सत्य के चरणों में लगाएँ तो उद्धार हो जाए।
व्याख्या
यह इस प्रसंग का शिखर है। सब योद्धा हार गए, तो रावण स्वयं अंगद का पैर पकड़ने झुकता है — और अंगद पैर हटा लेते हैं: ‘मम पद गहें न तोर उबारा, गहसि न राम चरन सठ जाई’ — मेरे पैर पकड़ने से तेरा उद्धार नहीं होगा; जा, राम के चरण पकड़! कितनी सुंदर विडम्बना — रावण झुका तो, पर ग़लत जगह। उसका सिर झुकना ही काफ़ी था, बस दिशा बदलनी थी।
रावण तेजहीन होकर बैठ जाता है — ‘मध्य दिवस जिमि ससि’, जैसे दोपहर का चन्द्रमा। तुलसीदास जी यहाँ भी शिव से कहलवाते हैं कि राम ‘तृन ते कुलिस, कुलिस तृन’ करते हैं — तिनके को वज्र और वज्र को तिनका। एक वानर का पैर करोड़ों योद्धाओं से नहीं हिला — क्योंकि वह राम के दूत का पैर था। और अंत में अंगद का व्यवहार: इतनी बड़ी विजय के बाद वह गर्व नहीं, आँसुओं के साथ राम के चरण पकड़ लेते हैं। जीत का श्रेय स्वयं न लेकर उसे अपने आराध्य को अर्पित कर देना — यही सच्चे सेवक का लक्षण है।