चौपाई · Chaupai
सक्ति सूल तरवारि कृपाना। अस्त्र सस्त्र कुलिसायुध नाना॥
डारइ परसु परिघ पाषाना। लागेउ बृष्टि करै बहु बाना॥
चौपाई · Chaupai
दस दिसि रहे बान नभ छाई। मानहुँ मघा मेघ झरि लाई॥
धरु धरु मारु सुनिअ धुनि काना। जो मारइ तेहि कोउ न जाना॥
चौपाई · Chaupai
गहि गिरि तरु अकास कपि धावहिं। देखहिं तेहि न दुखित फिरि आवहिं॥
अवघट घाट बाट गिरि कंदर। माया बल कीन्हेसि सर पंजर॥
चौपाई · Chaupai
जाहिं कहाँ ब्याकुल भए बंदर। सुरपति बंदि परे जनु मंदर॥
मारुतसुत अंगद नल नीला। कीन्हेसि बिकल सकल बलसीला॥
चौपाई · Chaupai
पुनि लछिमन सुग्रीव बिभीषन। सरन्हि मारि कीन्हेसि जर्जर तन॥
पुनि रघुपति सैं जूझै लागा। सर छाँड़इ होइ लागहिं नागा॥
चौपाई · Chaupai
ब्याल पास बस भए खरारी। स्वबस अनंत एक अबिकारी॥
नट इव कपट चरित कर नाना। सदा स्वतंत्र एक भगवाना॥
चौपाई · Chaupai
रन सोभा लगि प्रभुहिं बँधायो। नागपास देवन्ह भय पायो॥
दोहा · Doha
गिरिजा जासु नाम जपि मुनि काटहिं भव पास।
सो कि बंध तर आवइ ब्यापक बिस्व निवास॥73॥
भावार्थ
शक्ति, शूल, तलवार, कृपाण आदि अस्त्र, शस्त्र एवं वज्र आदि बहुत-से आयुध चलाता तथा फरसे, परिघ, पत्थर आदि डालने और बहुत-से बाणों की वृष्टि करने लगा। आकाश में दसों दिशाओं में बाण छा गए, मानो मघा नक्षत्र के बादलों ने झड़ी लगा दी हो। ‘पकड़ो, पकड़ो, मारो’ ये शब्द सुनाई पड़ते हैं। पर जो मार रहा है, उसे कोई नहीं जान पाता।
पर्वत और वृक्षों को लेकर वानर आकाश में दौड़कर जाते हैं, पर उसे देख नहीं पाते, इससे दुःखी होकर लौट आते हैं। मेघनाद ने माया के बल से अटपटी घाटियों, रास्तों और पर्वतों-कंदराओं को बाणों के पिंजरे बना दिए (बाणों से छा दिया)। अब कहाँ जाएँ, यह सोचकर (रास्ता न पाकर) वानर व्याकुल हो गए। मानो पर्वत इन्द्र की क़ैद में पड़े हों। मेघनाद ने मारुति हनुमान, अंगद, नल और नील आदि सभी बलवानों को व्याकुल कर दिया।
फिर उसने लक्ष्मण जी, सुग्रीव और विभीषण को बाणों से मारकर उनके शरीरों को छलनी कर दिया। फिर वह श्री रघुनाथ जी से लड़ने लगा। वह जो बाण छोड़ता है, वे साँप होकर लगते हैं। जो स्वतंत्र, अनंत, एक (अखण्ड) और निर्विकार हैं, वे खर के शत्रु श्री राम जी (लीला से) नागपाश के वश में हो गए (उससे बँध गए)। श्री राम जी सदा स्वतंत्र, एक, (अद्वितीय) भगवान हैं। वे नट की तरह अनेकों प्रकार के दिखावटी चरित्र करते हैं। रण की शोभा के लिए प्रभु ने अपने को नागपाश में बाँध लिया, किन्तु उससे देवताओं को बड़ा भय हुआ।
दोहा: (शिव जी कहते हैं —) हे गिरिजे! जिनका नाम जपकर मुनि भव (जन्म-मृत्यु) की फाँसी को काट डालते हैं, क्या वे सर्वव्यापक और विश्व के निवास स्थान (आधार) भगवान कभी बंधन में आ सकते हैं?
व्याख्या
मेघनाद अपना सबसे बड़ा अस्त्र चलाता है — अदृश्य रहकर बाण-वर्षा, और फिर ऐसे बाण जो साँप बनकर बाँध लेते हैं: नागपाश। हनुमान, अंगद, लक्ष्मण, सुग्रीव, विभीषण — सब घायल; और फिर स्वयं राम नागपाश में बँध जाते हैं। देवता डर जाते हैं।
तुलसीदास जी इस प्रसंग को एक गहरा आध्यात्मिक प्रश्न बना देते हैं: ‘जिनका नाम जपकर मुनि भवबंधन काट देते हैं, क्या वे स्वयं कभी बंधन में आ सकते हैं?’ उत्तर है — नहीं; यह ‘नट’ की तरह लीला है, ‘रन सोभा लगि’ — युद्ध की शोभा के लिए। इसमें हमारे लिए एक संदेश भी है: जीवन में कभी-कभी सबसे सच्चा, सबसे अच्छा भी बंधा हुआ, हारा हुआ दिखता है। ऐसे क्षणों में दिखावे से नहीं, विश्वास से देखना चाहिए। जो सत्य है, वह अंततः बंधन में नहीं रहता।