जे रामेस्वर दरसनु करिहहिं। ते तनु तजि मम लोक सिधरिहहिं॥
जो गंगाजलु आनि चढ़ाइहि। सो साजुज्य मुक्ति नर पाइहि॥
चौपाई · Chaupai
होइ अकाम जो छल तजि सेइहि। भगति मोरि तेहि संकर देइहि॥
मम कृत सेतु जो दरसनु करिही। सो बिनु श्रम भवसागर तरिही॥
चौपाई · Chaupai
राम बचन सब के जिय भाए। मुनिबर निज निज आश्रम आए॥
गिरिजा रघुपति कै यह रीती। संतत करहिं प्रनत पर प्रीती॥
चौपाई · Chaupai
बाँधा सेतु नील नल नागर। राम कृपाँ जसु भयउ उजागर॥
बूड़हिं आनहि बोरहिं जेई। भए उपल बोहित सम तेई॥
चौपाई · Chaupai
महिमा यह न जलधि कइ बरनी। पाहन गुन न कपिन्ह कइ करनी॥
दोहा · Doha
श्री रघुबीर प्रताप ते सिंधु तरे पाषान।
ते मतिमंद जे राम तजि भजहिं जाइ प्रभु आन॥3॥
भावार्थ
(श्री राम जी ने कहा —) जो रामेश्वर जी के दर्शन करेंगे, वे शरीर छोड़कर मेरे लोक को जाएँगे। और जो गंगाजल लाकर इन पर चढ़ाएगा, वह मनुष्य सायुज्य मुक्ति पाएगा। जो छल छोड़कर और निष्काम होकर श्री रामेश्वर जी की सेवा करेंगे, उन्हें शंकर जी मेरी भक्ति देंगे। और जो मेरे बनाए सेतु का दर्शन करेगा, वह बिना ही परिश्रम संसाररूपी समुद्र से तर जाएगा।
श्री राम जी के वचन सबके मन को अच्छे लगे। तदनन्तर वे श्रेष्ठ मुनि अपने-अपने आश्रमों को लौट आए। (शिव जी कहते हैं —) हे पार्वती! श्री रघुनाथ जी की यह रीति है कि वे शरणागत पर सदा प्रीति करते हैं। चतुर नल और नील ने सेतु बाँधा। श्री राम जी की कृपा से उनका यह (उज्ज्वल) यश सर्वत्र फैल गया। जो पत्थर आप डूबते हैं और दूसरों को डुबा देते हैं, वे ही जहाज के समान (स्वयं तैरने वाले और दूसरों को पार ले जाने वाले) हो गए। यह न तो समुद्र की महिमा वर्णन की गई है, न पत्थरों का गुण है और न वानरों की ही कोई करामात है।
दोहा: श्री रघुवीर के प्रताप से पत्थर भी समुद्र पर तैर गए। ऐसे श्री राम जी को छोड़कर जो किसी दूसरे स्वामी को जाकर भजते हैं, वे (निश्चय ही) मंदबुद्धि हैं।
जीवन का सूत्र
जो स्वयं डूबता और दूसरों को डुबाता था, वही कृपा से दूसरों को पार लगाने वाला बन सकता है।
व्याख्या
पत्थरों का तैरना — यह मानस का सबसे प्रिय प्रतीक है। तुलसीदास जी स्पष्ट करते हैं कि यह न समुद्र की महिमा है, न पत्थरों का गुण, न वानरों की करामात — यह केवल राम-प्रताप है। लोककथा में कहा जाता है कि हर पत्थर पर ‘राम’ लिखा गया था; मानस में भाव यही है कि नाम और कृपा के स्पर्श से स्वभाव बदल जाता है।
सबसे सुंदर पंक्ति है: ‘बूड़हिं आनहि बोरहिं जेई। भए उपल बोहित सम तेई’ — जो पत्थर ख़ुद डूबते थे और दूसरों को डुबाते थे, वही जहाज़ बन गए। यह हम सब की कहानी हो सकती है। जो व्यक्ति कभी अपनी कमज़ोरियों में डूबा था और दूसरों को भी नीचे खींचता था, वही बदलकर दूसरों का सहारा बन सकता है। अंतिम दोहे की ‘मतिमंद’ वाली बात को दूसरों के प्रति तिरस्कार नहीं, अपने भीतर की दृढ़ता के रूप में पढ़ना चाहिए: जिस आधार ने पत्थरों को तैरा दिया, उसे छोड़कर भटकना बुद्धिमानी नहीं।