(माल्यवान ने कहा —) वैर छोड़कर उन्हें जानकी जी को दे दो और कृपानिधान परम स्नेही श्री राम जी का भजन करो। रावण को उसके वचन बाण के समान लगे। (वह बोला —) अरे अभागे! मुँह काला करके (यहाँ से) निकल जा। तू बूढ़ा हो गया, नहीं तो तुझे मार ही डालता। अब मेरी आँखों को अपना मुँह न दिखला। रावण के ये वचन सुनकर माल्यवान ने अपने मन में ऐसा अनुमान किया कि इसे कृपानिधान श्री राम जी अब मारना ही चाहते हैं।
वह रावण को दुर्वचन कहता हुआ उठकर चला गया। तब मेघनाद क्रोधपूर्वक बोला — सबेरे मेरी करामात देखना। मैं बहुत कुछ करूँगा, थोड़ा क्या कहूँ? (जो कुछ वर्णन करूँगा, थोड़ा ही होगा।) पुत्र के वचन सुनकर रावण को भरोसा आ गया। उसने प्रेम के साथ उसे गोद में बैठा लिया। विचार करते-करते ही सबेरा हो गया। वानर फिर चारों दरवाज़ों पर जा लगे।
वानरों ने क्रोध करके दुर्गम किले को घेर लिया। नगर में बहुत ही कोलाहल (शोर) मच गया। राक्षस बहुत तरह के अस्त्र-शस्त्र धारण करके दौड़े और उन्होंने किले पर से पहाड़ों के शिखर ढहाए।
छंद: उन्होंने पर्वतों के करोड़ों शिखर ढहाए, अनेक प्रकार से गोले चलने लगे। वे गोले ऐसा घहराते हैं जैसे वज्रपात हुआ हो और योद्धा ऐसे गरजते हैं, मानो प्रलयकाल के बादल हों। विकट वानर योद्धा भिड़ते हैं, कट जाते हैं (घायल हो जाते हैं), उनके शरीर जर्जर हो जाते हैं, तब भी वे लटते नहीं (हिम्मत नहीं हारते)। वे पहाड़ उठाकर उसे किले पर फेंकते हैं। राक्षस जहाँ के तहाँ (जो जहाँ होते हैं, वहीं) मारे जाते हैं।
दोहा: मेघनाद ने कानों से ऐसा सुना कि वानरों ने आकर फिर किले को घेर लिया है, तब वह वीर किले से उतरा और डंका बजाकर उनके सामने चला।
जीवन का सूत्र
जो हितैषी को अपमानित कर चाटुकार को गोद में बिठाए, उसका विनाश स्वयं उसकी पसंद है।
व्याख्या
इस अंश में दो दृश्य आमने-सामने हैं। पहला — अपने ही नाना, सबसे बुज़ुर्ग हितैषी को रावण कहता है, ‘करिआ मुँह करि जाहि अभागे’ — मुँह काला कर, निकल जा! दूसरा — मेघनाद कहता है, ‘कल मेरा कौतुक देखना’, और रावण उसे प्रेम से गोद में बिठा लेता है। सच कहने वाले को अपमान, आश्वासन देने वाले को गोद।
यह मनुष्य-स्वभाव का एक कड़वा सत्य है: हम उसे पसंद करते हैं जो हमारी आशा को बढ़ाए, न कि उसे जो हमें सच दिखाए। माल्यवान का अनुमान गहरा है — ‘बध्यो चहत एहि कृपानिधाना’, अब कृपानिधान इसे मारना ही चाहते हैं। जब कोई व्यक्ति हर हितकारी आवाज़ को ठुकरा दे, तो समझना चाहिए कि उसने स्वयं अपना मार्ग चुन लिया है। छंद में वानरों की दृढ़ता भी उल्लेखनीय है — शरीर जर्जर हो गए, पर ‘न लटत’, हिम्मत नहीं हारी।