कहहिं सचिव सठ ठकुर सोहाती। नाथ न पूर आव एहि भाँती॥
बारिधि नाघि एक कपि आवा। तासु चरित मन महुँ सबु गावा॥
चौपाई · Chaupai
छुधा न रही तुम्हहि तब काहू। जारत नगरु कस न धरि खाहू॥
सुनत नीक आगें दुख पावा। सचिवन अस मत प्रभुहि सुनावा॥
चौपाई · Chaupai
जेहिं बारीस बँधायउ हेला। उतरेउ सेन समेत सुबेला॥
सो भनु मनुज खाब हम भाई। बचन कहहिं सब गाल फुलाई॥
चौपाई · Chaupai
तात बचन मम सुनु अति आदर। जनि मन गुनहु मोहि करि कादर॥
प्रिय बानी जे सुनहिं जे कहहीं। ऐसे नर निकाय जग अहहीं॥
चौपाई · Chaupai
बचन परम हित सुनत कठोरे। सुनहिं जे कहहिं ते नर प्रभु थोरे॥
प्रथम बसीठ पठउ सुनु नीती। सीता देइ करहु पुनि प्रीती॥
दोहा · Doha
नारि पाइ फिरि जाहिं जौं तौ न बढ़ाइअ रारि।
नाहिं त सन्मुख समर महि तात करिअ हठि मारि॥9॥
भावार्थ
(प्रहस्त ने कहा —) ये सब मूर्ख (ख़ुशामदी) मंत्री ठकुरसुहाती (मुँहदेखी) कह रहे हैं। हे नाथ! इस प्रकार की बातों से पूरा नहीं पड़ेगा। एक ही बंदर समुद्र लाँघकर आया था। उसका चरित्र सब लोग अब भी मन-ही-मन गाया करते हैं। उस समय तुम लोगों में से किसी को भूख न थी? (बंदर तो तुम्हारा भोजन ही हैं, फिर) नगर जलाते समय उसे पकड़कर क्यों नहीं खा लिया? इन मंत्रियों ने स्वामी को ऐसी सम्मति सुनाई है जो सुनने में अच्छी है, पर जिससे आगे चलकर दुःख पाना होगा।
जिसने खेल-ही-खेल में समुद्र बँधा लिया और जो सेना सहित सुबेल पर्वत पर आ उतरा है, हे भाई! कहो, वह मनुष्य है, जिसे कहते हो कि हम खा लेंगे? सब गाल फुला-फुलाकर (पागलों की तरह) वचन कह रहे हैं! हे तात! मेरे वचनों को बहुत आदर से (बड़े गौर से) सुनिए। मुझे मन में कायर न समझ लीजिएगा। जगत में ऐसे मनुष्य झुंड-के-झुंड (बहुत अधिक) हैं, जो प्यारी (मुँह पर मीठी लगने वाली) बात ही सुनते और कहते हैं। हे प्रभो! सुनने में कठोर परन्तु (परिणाम में) परम हितकारी वचन जो सुनते और कहते हैं, वे मनुष्य बहुत ही थोड़े हैं। नीति सुनिए, (उसके अनुसार) पहले दूत भेजिए, और (फिर) सीता को देकर श्री राम जी से प्रीति (मेल) कर लीजिए।
दोहा: यदि वे स्त्री पाकर लौट जाएँ, तब तो (व्यर्थ) झगड़ा न बढ़ाइए। नहीं तो (यदि न फिरें तो) हे तात! सम्मुख युद्धभूमि में उन्हें हठपूर्वक (डटकर) मारिए।
जीवन का सूत्र
कड़वी पर हितकारी बात कहने और सुनने वाले विरले होते हैं — उनमें से एक बनो।
व्याख्या
प्रहस्त का भाषण नीति-शास्त्र का एक छोटा ग्रंथ है। वह मंत्रियों के खोखलेपन को एक सीधे प्रश्न से उजागर करता है: अगर बंदर तुम्हारा भोजन हैं, तो जब एक बंदर पूरा नगर जला रहा था, तब तुम्हें भूख क्यों नहीं लगी? तर्क की यह धार चाटुकारिता को काट देती है।
उसकी केंद्रीय बात हर युग के लिए है: ‘प्रिय बानी जे सुनहिं जे कहहीं, ऐसे नर निकाय जग अहहीं; बचन परम हित सुनत कठोरे, सुनहिं जे कहहिं ते नर प्रभु थोरे।’ मीठी बात कहने-सुनने वालों की भीड़ है, पर कड़वी हितकारी बात कहने-सुनने वाले बहुत कम। ध्यान दें — दोनों की कमी है: कहने वालों की भी और सुनने वालों की भी। प्रहस्त कायर नहीं है — वह कहता है कि पहले शांति का प्रयास करो, और यदि वह असफल हो तो डटकर लड़ो। यही संतुलित नीति है।